वाराणसी। अंग्रेजी माध्यम के निजी स्कूलों में फीस वृद्धि के विरोध में सोमवार को स्कूली बच्चे अभिभावकों के साथ रविंद्रपुरी स्थित पीएम के संसदीय कार्यालय पहुंचे।
यहां वे सुबह-ए-बनारस क्लब के तत्वावधान में प्रदर्शन करने के बाद विधायक रविंद्र जायसवाल के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्रक भेजा। इस दौरान अभिभावकों ने फीस वृद्धि को गलत ठहराते हुए प्रधानमंत्री से इसे कम कराने की मांग की। वहीं, बच्चों ने मार्मिक अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी से अपील की कि मोदी अंकल प्लीज, फीस कम करवा दीजिए ना...।
संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल ने कहा कि अब तक कई बार आवाज उठाने के बाद भी निजी स्कूलों में फीस वृद्धि जारी है।
अधिकांश स्कूलों में नए विद्यार्थियों से साढ़े नौ हजार और पुराने विद्यार्थियों से सात हजार रुपये दोबारा प्रवेश के नाम पर लिए जा रहे हैं, जो सरासर गलत है। यही नहीं अभिभावकों को स्कूलों में ही कापी-किताब और यूनिफार्म खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
कहा कि वर्ष 2009 में जिस क्लास की फीस 1350 रुपये थी वह 2015 में बढ़कर 4950 रुपये हो गई है। अभिभावकों ने प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में इस मुद्दे पर मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से बातचीत कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान चंद्रशेखर सिंह चौधरी, नंद किशोर, अशोक गुप्ता, पंकज पाठक, डॉ. मनोज यादव, कल्लू, सुनील जायसवाल, मो. आसिफ आदि मौजूद रहे।