फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports News: फुटबॉल...काशी के कैफ ने 12 मिनट में दागे 3 गोल, छत्तीसगढ़ की टीम को 6-0 से दी शिकस्त; खबरें

Sun, 25 Jan 2026 04:59 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: एआईएफएफ एलिट यूथ फुटबॉल लीग में चार गोल करने वाले कप्तान कैफ मैन ऑफ द मैच बने। इसके साथ ही वाराणसी में विभिन्न स्थानों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही हैं। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा है।
विज्ञापन
प्रतियोगिता में फुटबाॅल खेलते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Sports News in Hindi: इंटर काशी फुटबॉल अकादमी ने छत्तीसगढ़ की आरकेएम अकादमी को 6-0 से पराजित कर दिया। इंटर काशी फुटबॉल अकादमी की ओर से गोल की हैट्रिक समेत चार गोल करने वाले खिलाड़ी और कप्तान मोहम्मद कैफ को मैन ऑफ द मैच मिला। 

विज्ञापन


उन्होंने मात्र 12 मिनट के अंतराल में तीन गोल दागकर जीत अपनी टीम की झोली में डाल दी। कैफ ने मैच के 59वें, 68वें और 71वें मिनट में गोल दागे। 
बीएलडब्ल्यू के फुटबॉल मैदान पर शनिवार को एआईएफएफ एलिट यूथ (18 वर्षीय) फुटबॉल लीग हुई। इसमें मैच जीत इंटर काशी फुटबॉल अकादमी वाराणसी ने पूरे अंक प्राप्त किए। 

खेल के 25वें मिनट में इंटर काशी फुटबॉल अकादमी से पहला गोल आया। कप्तान मो. कैफ ने शानदार ड्रिबलिंग कर बाॅल को नेट में भेजकर स्कोर 1-0 कर दिया। 36वें मिनट में यमन शेरान ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन-चार खिलाड़ियों को छकाकर गेंद नेट में डाली और काशी को 2-0 की बढ़त दिलाई। 
विज्ञापन


अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर से भी मिले खिलाड़ी : इंटर काशी के मोहम्मद कैफ को मैन ऑफ द मैच का सम्मान बीएचयू के प्रो. बीसी कापरी ने दिया। खिलाड़ियों से परिचय अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर शफीर अहमद ने प्राप्त किया। मैच अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और लक्ष्मण अवाॅर्डी मुश्ताक अली और इंटर काशी के दिनेश नेगी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

दोनों हाफ में रहा वाराणसी का दबदबा 
पहले हाफ की समाप्ति तक यह इंटर काशी फुटबॉल अकादमी वाराणसी ने एकतरफा बढ़त बनाए रखी। दूसरे हाफ में एक बार फिर इंटर काशी फुटबॉल अकादमी ने पूरे मैच पर अपनी पकड़ बनाई। एस बैते ने 52वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। इसके बाद इंटर काशी फुटबॉल अकादमी के कप्तान कैफ ने गोल की हैट्रिक लगाकर टीम को मैच जिता दिया। 

20 रन से हारा जय नारायण घोषाल क्रिकेट क्लब
जॉर्डन क्रिकेट ग्राउंड पर शनिवार को बाबू तैलंग मेमोरियल सीनियर जिला क्रिकेट लीग में जय नारायण घोषाल क्रिकेट क्लब ने बनारस ब्रदर्स क्रिकेट क्लब को 20 रनों से हरा दिया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जय नारायण घोषाल की टीम ने 34.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 173 रनों का लक्ष्य दिया। 

जवाब में उतरी बनारस ब्रदर्स क्रिकेट टीम 35 ओवर में 153 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। विजेता टीम की ओर से पंकज प्रजापति ने 43 बॉल पर 27 रन और सात ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच रहे। विरोधी टीम में सबसे ज्यादा 39 रन सुधीर सिंह ने बनाए। दोनों टीमों की ओर विवेक यादव और वात्सल्य यादव ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट लिए। 

पहलवान तेजवीर करेंगे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व
विकासखंड चिरईगांव के ग्राम गौराकला निवासी तेजवीर यादव का चयन महाराष्ट्र में होने वाली कुश्ती लीग के लिए उत्तर प्रदेश टीम में हुआ। यह प्रतिष्ठित कुश्ती लीग नर्सिंग फाउंडेशन की ओर से 26 जनवरी को होगी।  वीरलोरिक व्यायामशाला, गौराकला से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे तेजवीर यादव 74 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अखाड़े में उतरेंगे। तेजवीर वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। उस्ताद क्षमा पहलवान ने बताया कि तेजवीर यादव इससे पूर्व भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं।

काशी के शशांक पाया पहला स्थान
पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय उत्तर प्रदेश बेंच प्रेस चैंपियनशिप का आगाज शनिवार को रुहेलखंड विश्वविद्यालय स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुआ। इसमें प्रदेशभर से आए लगभग 250 खिलाड़ी शामिल हुए। जूनियर वर्ग के 83 किलो भार वर्ग में वाराणसी के शशांक (127.5 किलो) प्रथम स्थान पर रहे। सब-जूनियर 66 किग्रा भारवर्ग में बरेली के आकाश ने 80 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया।

नन्हें विजेताओं को मिले मेडल
पालीमैथ पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक खेलकूद दिवस पर नन्हे-मुन्ने चैंपियन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कक्षा एक से लेकर चौथी तक के बच्चों ने खो खो प्रतियोगिता में भाग लिया। पांचवी से आठवीं तक के बच्चों ने बैडमिंटन और रस्साकशी प्रतियोगिता में हिस्सेदारी की। इस दौरान प्रबंधक निर्मला सिंह और निदेशक ने बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

पतंगबाजी में बालिकाओं ने मारी बाजी
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर डॉ. शंभुनाथ सिंह रिसर्च फाउंडेशन की ओर शनिवार को संदहा और सलारपुर में हर बेटी को आसमान चाहिए, डर नहीं पहचान चाहिए थीम पर बालिका पतंग प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में 10-10 बालिकाओं के समूह को संदेश लिखी पतंगें दी गईं। फाउंडेशन की निदेशिका डॉ. रोली सिंह ने विचार रखे। विजेता खुशी, तनु, शिवानी और शीतल को पुरस्कृत कर प्रमाण पत्र दिया गया। मौके राजश्री शुक्ला, रश्मि, आकांक्षा रहे। 

बैडमिंटन खेलते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
बैडमिंटन प्रतियोगिता में तनु रहीं विजेता
राष्ट्रीय बालिका दिवस और उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के संयुक्त अवसर पर भंदहा कला में बालिकाओं की बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई। इसमें तनु विजेता व पूजा सोनकर उप विजेता रही। इस दौरान सौरभ चंद्र, अमित कुमार, दीन दयाल, साधना पांडेय, सरोज सिंह, प्रदीप मौजूद रहे। 

प्रशांत को मीडिया खेल में दोहरा खिताब 
38वीं दीनानाथ गुप्त स्मृति मीडिया बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रशांत मोहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। बैडमिंटन युगल वर्ग के फाइनल में प्रशांत मोहन और रविकर दुबे की जोड़ी ने चंदन रूपानी व रोहित चतुर्वेदी की जोड़ी को सीधे गेमों में 11-8, 11-7 से पराजित कर खिताब जीत लिया। 

सेमीफाइनल मुकाबलों में चंदन रूपानी और रोहित चतुर्वेदी की जोड़ी ने चंद्रप्रकाश व संदीप गुप्ता को 11-9, 11-6 से हराया जबकि दूसरे सेमीफाइनल में प्रशांत मोहन और रविकर दुबे ने पंकज त्रिपाठी व विनय शंकर सिंह को 11-8, 11-7 से शिकस्त दी। आनंद चंदोला खेल महोत्सव के अंतर्गत काशी पत्रकार संघ की ओर से वाराणसी प्रेस क्लब के तत्वावधान में हो रही मीडिया कैरम प्रतियोगिता के एकल मुकाबले में संदीप गुप्ता ने पंकज त्रिपाठी को 11-3, 11-5 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 

बीएसए व बीईओ इलेवन के बीच क्रिकेट मैच आज
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत रविवार को मुनारी ग्राउंड पर दोपहर 1 बजे से होगा। इसके पूर्व मतदाता शपथ कार्यक्रम में सभी मतदाताओं को शपथ दिलाई जाएगी। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि क्रिकेट मैच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी इलेवन बनाम खंड शिक्षा अधिकारी इलेवन के बीच होगा। 

बीएसए इलेवन में कप्तान बीएसए अनुराग श्रीवास्तव, विजय प्रकाश यादव, विनोद कुमार मिश्र, रामपूजन पटेल, राकेश कुमार, विवेकानंद यादव, धर्मेंद्र कुमार, अवधेश यादव, राम मिलन, अजय कुमार, अंकित सिंह, बृजेश कुमार गुप्त, प्रमोद कुमार पटेल, उमेश और दिनेश कुमार होंगे। वहीं बीईओ इलेवन में पंकज कुमार, शशिकांत श्रीवास्तव, नागेंद्र सरोज, विनोद यादव, जय प्रकाश, दिनेश कुमार, अवनीशबलवंत, जय प्रकाश (द्वितीय), सुजीत, कन्हैया, रितेश, सुनील, अभिषेक और आज़ाद होंगे। मैच में कमेंट्री की जिम्मेदारी स्कंद गुप्त को दी गई है। स्कोरर अखिलेश यादव एवं रबिंद्र वर्मा होंगे। व्यवस्थापक प्रीति सिंह होंगी। 

हैंडबाॅल प्रतियोगिता के खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
हैंडबॉल में काशी विद्यापीठ ने जीता खिताब
बड़ालालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय के खेलकूद मैदान में तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय (पुरुष-महिला) हैंडबॉल प्रतियोगिता हुई। निर्णायक मुकाबले में शनिवार को काशी विद्यापीठ ने महादेव पीजी कॉलेज की महिला वर्ग की टीम को 7-4 से हराकर जीत दर्ज की। हैंडबॉल (महिला) में काशी विद्यापीठ ने खिताब अपने नाम किया। शनिवार को खेला जा रहा पुरुष वर्ग का निर्णायक मुकाबला रविवार को होगा। जीवनदीप शिक्षण समूह के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार सिंह ने महिला वर्ग की विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया। 
विज्ञापन

कबड्डी की विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते अतिथि। - फोटो : संवाद
बालिका कबड्डी में भीखमपुर की टीम ने मारी बाजी
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आशा ट्रस्ट व लोक समिति के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में भीखमपुर की टीम ने शनिवार को जीत हासिल की। प्रतियोगिता में आराजी लाइन एवं सेवापुरी ब्लॉक के 16 गांवों की बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद भीखमपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में बाजी मारी। आशा ज्ञान पुस्तकालय नागेपुर की टीम द्वितीय और नेवढ़िया गांव की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। टीमों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

प्रतियोगिता से पहले दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता विनय सिंह और ट्रांस महिला अनन्या मिथी को श्रद्धांजलि उी। उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभ पांडेय, वनवासी सेवा आश्रम सोनभद्र की शोभा व जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेल भावना का विकास करना व उनके शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें