फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बनारस में बाढ़: दहशत के वो सात दिन...छत पर सत्तू के सहारे कट रही थी जिंदगी, पढ़ें सब्जी विक्रेता का दर्द

Sun, 04 Sep 2022 02:10 AM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

गंगा और वरुणा में आई बाढ़ के कारण ढेलवरिया इलाके के श्यामू  घर में सात दिनों तक अकेले फंसे रहे।  ऐसे में सत्तू और छत पर रखी टंकी में भरे पानी को पीकर जैसे-तैसे भूख मिटाई। सूर्यास्त के बाद जैसे-जैसे रात गहराती जाती, भय बढ़ता जाता। 
विज्ञापन
अपने भाई के साथ श्यामू यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गंगा और वरुणा में आई बाढ़ का दंश वाराणसी शहर के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों ने किस तरह झेला, वह पानी कम होने के साथ सामने आने लगा है। ढेलवरिया इलाके के श्यामू यादव बताते हैं कि घर में सात दिनों तक अकेले फंसे रहे। बाहर निकलना मुश्किल था। सिर्फ छत की मुंडेर पर बैठकर जलस्तर को बढ़ते और घटते देखना और पड़ोसियों से बात करने में पूरा दिन बीत जाता। बिजली भी नहीं थी। अकेले होने के कारण मकान मानों काटने दौड़ रहा था।

विज्ञापन


श्यामू कहते हैं कि ठेले पर सब्जी बेचकर बनाया आशियाना चारों ओर बाढ़ की विभीषिका और खाने को कुछ नहीं। ऐसे में सत्तू और छत पर रखी टंकी में भरे पानी को पीकर जैसे-तैसे भूख मिटाई। सूर्यास्त के बाद जैसे-जैसे रात गहराती जाती, भय बढ़ता जाता। जबरन सोने की कोशिश करता पर नींद नहीं आती।

छत और सीढ़ियों को जोड़ने वाला छोटा सा स्थान ही बारिश से बचाता, लेकिन बौछारें यहां भी तंग कर देतीं। हफ्ते भर तक छत पर लगी टंकी में भरे पानी की एक-एक बूंद अमृत की तरह थी। अब पानी तो घटने लगा है लेकिन दुश्वारियां बढ़ गई है। बस राहत इतनी कि अब गंगा मैया वापस जा रही हैं। 

विज्ञापन

जलस्तर में घटाव से राहत, दुश्वारियों से आफत

दशाश्वमेध घाट पर जमा गाद और गंदगी - फोटो : अमर उजाला
 वाराणसी में गंगा के जलस्तर में लगातार घटाव जारी है। घाटों से गंगा का जलस्तर अब धीरे-धीरे नीचे उतरने लगा और अपने पीछे दुश्वारियां भी छोड़ता जा रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर रात आठ बजे 67.68 मीटर दर्ज किया गया। बाढ़ बुलेटिन के अनुसार गंगा के जलस्तर में छह सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गिरावट हो रही है।  

शनिवार को सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 68.23 मीटर दर्ज किया गया। सुबह से ही छह सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से जलस्तर में कमी हो रही थी। गंगा के साथ ही वरुणा का पानी भी तेजी से नीचे उतरने से तटवासियों में राहत है। हालांकि लौटता पानी अपने पीछे गाद व गंदगी की दुश्वारियां छोड़ रहा है। पानी का दायरा कम होने से सड़कों, गलियों और गंगा घाटों पर कीचड़ दिख रहा है। वहीं, रिहाइशी इलाकों में पानी गड्ढों में एकत्र होने से वहां मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। साथ ही दुर्गंध भी बढ़ गई है।
विज्ञापन

पानी सड़कों से पीछे खिसक चुका है लेकिन घाटों की सीढ़ियां और शवदाह के प्लेटफार्म अभी भी डूबे हुए हैं। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर अभी भी शवों के दाह संस्कार की समस्या बनी हुई है। दूसरी ओर ढाब इलाके में खेतों से पानी पीछे हटने लगा जिससे पानी से खराब हो चुकी फसलों से बदबू उठने लगी। साथ ही कटान भी तेज हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें