होली आने में सिर्फ 15 दिन शेष हैं। ऐसे में महानगरों में नौकरी करने वालों ने घर वापसी करने के लिए टिकट की बुकिंग शुरू कर दी है। हालांकि, फ्लाइट से वापसी करने का मन बना रहे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। कारण यह है कि विमानों में सीटें 2 फीसदी बची हैं और किराया भी दोगुना से अधिक बढ़ गया है।
रंगों का त्योहार होली सभी अपने घर और अपनों के बीच मनाना चाहते हैं। ऐसे में महानगरों में नौकरी करने वालों को हर साल घर वापसी करनी पड़ती है। टिकट की मारामारी से सभी को रूबरू भी होना पड़ता है। इस बार फ्लाइट से वापसी का मन बना रहे लोगों को झेलना पड़ सकता है। होली पर सीटों की सीमित रिक्तियों को देखते हुए विमानन कंपनियों ने भाड़ा बढ़ा दिया है। सबसे अधिक किराया बंगलूरू, मुंबई और दिल्ली का है।
मुंबई से वाराणसी आने के लिए मार्च में इंडिगो का 8998, एयर इंडिया एक्सप्रेस का 9272, अकासा का 8964 और एयर इंडिया का 16193 रुपये किराया है। दिल्ली से वापसी का इंडिगो का 6189, एयर इंडिया एक्सप्रेस का 6573, अकासा का 13507 और एयर इंडिया का 8968 रुपये किराया है। पुणे का इंडिगो का 7068 और एयर इंडिया का 16541 रुपये किराया है।