Varanasi News: बंगलूरू से काठमांडो जा रहा विमान वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। इसकी वजह काठमांडो में खराब मौसम रहा। खराब मौसम को देखते हुए पायलट ने वाराणसी एटीसी से संपर्क साधा और लैंडिंग की अनुमति मांगी।
बंगलूरू से काठमांडो जा रहा एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान शुक्रवार की सुबह खराब मौसम की वजह से वाराणसी डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के करीब दो घंटे बाद विमान को वापस बंगलूरू भेज दिया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-874 ने बंगलूरू से काठमांडो के लिए उड़ान भरी थी।
विज्ञापन
काठमांडो में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए पायलट ने वाराणसी एटीसी से संपर्क साधा और लैंडिंग की अनुमति मांगी। एहतियातन विमान को वाराणसी डायवर्ट किया गया। विमान अपराह्न 3:15 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर के रनवे पर सुरक्षित उतरा। विमान में 166 यात्री सवार थे। अचानक डायवर्ट किए जाने की सूचना से यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा। हालांकि विमान की सुरक्षित लैंडिंग से सभी ने राहत की सांस ली।
काठमांडो में मौसम ठीक नहीं हुआ। इस कारण एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी इसलिए विमान को दो घंटे बाद वापस बंगलूरू भेज दिया गया। वहीं, काठमांडो में खराब मौसम के कारण शुक्रवार को एयर इंडिया की विमान संख्या एआई-215 को वाराणसी डायवर्ट करना पड़ा। यह विमान दिल्ली से काठमांडो जा रहा था। खराब मौसम के चलते विमान निर्धारित समय पर काठमांडो में लैंडिंग नहीं कर सका।