गलियों में लटकते बिजली के तारों के जाल को भूमिगत किया जाएगा और पुराने स्वरूप से मेल खाती हेरिटेज स्ट्रीट लाइट्स व विंटेज शैली के साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे।पर्यटकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यहां सुगम पाथवे, स्वच्छ पेयजल कियोस्क, बैठने की व्यवस्था और डिजिटल सूचना पट्ट स्थापित किए जाएंगे। मदनपुरा जैसे क्षेत्रों में विश्वप्रसिद्ध बनारसी सिल्क के बुनकरों को वैश्विक खरीदारों से सीधे जोड़ने के लिए विशेष सुविधाएं दी जाएंगी।
वहीं, कचौड़ी गली के पारंपरिक खान-पान और बंगाली टोला की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध किया जाएगा। पर्यटन विभाग के इस प्रयास से काशी आने वाले देशी-विदेशी सैलानियों को समृद्ध हेरिटेज वॉक का अनुभव भी मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय व्यापारियों, मिठाई विक्रेताओं और बुनकरों की आजीविका व व्यापार को भी बड़े स्तर पर मजबूती प्राप्त होगी।