जिले के बड़ागांव, चौबेपुर, चोलापुर, सिगरा और जंसा थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए पांच हादसों में एक महिला की मौत हो गई जबकि 32 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे भी हैं। चार की हालत गंभीर बनी हुई है।
पहली घटना वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर बड़ागांव क्षेत्र के वाजिदपुर में मंगलवार की सुबह हुई। यहां वाराणसी से जौनपुर जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में चालक, परिचालक समेत (18) लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक ही हालत गंभीर होने पर उसे पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया। यात्रियों ने बताया कि अनुबंधित बस वाराणसी कैंट रोडवेज से सुबह करीब 7:10 बजे जौनपुर के लिए 40 सवारियों को लेकर रवाना हुई। वाजिदपुर में तेज रफ्तार बस एक ऑटो को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। क्षेत्रीय लोगों एवं पुलिस की मदद से घायलों को हरहुआ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों में जौनपुर पतरहीं निवासी बस चालक सन्नी सिंह (30), सुल्तानपुर निवासी परिचालक अरुण प्रताप सिंह (35), जौनपुर निवासी अशोक चौहान (30), पिंडरा निवासी अनिल चौहान (32), मेनका चौहान (22), जौनपुर कटघरा निवासी कपिल चौहान (32), रोशनी (4), चुनार के परसिया निवासी लेखपाल धर्मपाल सिंह (35), जौनपुर के रसीदाबाद निवासी सलमान (20), शहनवाज (4), आजमगढ़ के ठेकमा निवासी तबस्सुम (40), उनका पुत्र समीर (8), बदरुद्दीन (58), उनकी पत्नी हसीबु (52), बड़ागांव के कुवारी कला निवासी राजेश तिवारी (20), आजमगढ़ निवासी कौशिक (7), भोजूबीर निवासी महेश गुप्ता (40), अंबेडकर नगर के अकबरपुर निवासी अगस्त सीना (54) आदि को हरहुआ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां सीना का हालत गंभीर होने पर उसे दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। । वहीं कुछ यात्रियों ने दुर्घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा मोबाइल और पर्स छीने जाने की भी शिकायत की है। दूसरी घटना जंसा के भाऊपुर बाजार में हुई। यहां दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोग घायल हो गये। घायलों में रोहनिया निवासी विजय विश्वकर्मा (42), उनकी पत्नी रेखा (40) व पुत्री आैर बभनियाव निवासी आशीष सिंह (28) उनकी बुआ विंध्यवासिनी सिंह (60) शामिल हैं।
हालत गंभीर होने पर विजय एवं आशीष को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तीसरा हादसा वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर चौबेपुर क्षेत्र के खानपुर में हुआ। यहां भोर में समदहा निवासी राजू राजभर (24), अपने पिता शिवशरण राजभर (65) एवं मां गंगोत्री देवी (60), के साथ रिश्तेदार के वहां जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी को दीन दयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, गंगोत्री देवी की मौत हो गई।
चौथी घटना वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर मोहाव में हुई। यहां आजमगढ़ की तरफ से बारातियों को लेकर लौट रही बोलेरो-विक्रम में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराई। इसमें पहड़िया अकठा निवासी पंकज कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गये। बाइक से टकराने के बाद बोलेरो गड्ढे में पलट गई। हादसे में विक्रम में सवार ताड़ी निवासी शहजाद (65), दरसौना निवासी शादाब (28), तेवर निवासी सुमारू (25), पप्पू (30) घायल हो गये। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।