वाराणसी। मौसम की खराबी और कम दृश्यता होने से इंडिगो के पांच उड़ानें शुक्रवार को निरस्त रहीं। उधर, नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे की देरी से चल रही हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इंडिगो की दिल्ली की उड़ानें, लखनऊ, बंगलूरू और मुंबई से आने वाली उड़ानें निरस्त रहीं। वहीं, बुद्धा एयरलाइंस काठमांडो की फ्लाइट चार घंटे, अकासा की बंगलूरू की फ्लाइट एक घंटे, इंडिगो की मुंबई की फ्लाइट दो घंटे और दिल्ली से आने वाली फ्लाइट 2.20 घंटे देर से पहुंची।
उधर, कैंट स्टेशन से गुजरने वाली नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस आठ घंटे, जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस 7.30 घंटे की देरी से पहुंची। नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय रात 11 बजे के बजाय दूसरे दिन शनिवार की सुबह 4:30 कैंट स्टेशन पहुंचेगी।