जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के गड़ही चक जहरूल्लाह स्थित एक मोहल्ले में रविवार की देर रात करीब 12 बजे पांच चोरों के घुसने से खलबली मच गई। पकड़े जाने के डर से चोरों ने दो राउंड फायरिंग की, लेकिन ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घर के आसपास के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद वे एक मकान में चोरी करने की कोशिश करने लगे। दरवाजा खड़कने की आवाज सुनकर घर के लोग चौकन्ने हो गए और शोर मचाने लगे। इससे मोहल्ले के लोग घरों से बाहर निकल आए और चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख चोरों ने तमंचे से दो राउंड फायरिंग की और अंधेरे का फायदा उठाकर दरौली गांव की ओर भाग गए। भागदौड़ के बीच चार चोर अंधेरे में भागने में सफल रहे, जबकि ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के पास से एक कारतूस भी बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से चोरी के एक आरोपी को पकड़ा गया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सायरन सुन भागे चोर
दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के जलालाबाद स्थित एक मेडिकल स्टोर के शटर का ताला रविवार की रात चोर तोड़ने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफल नहीं हो पाए। क्षेत्र में गस्त कर रही पुलिस वाहन के सायरन की आवाज सुनकर चोर मौके से भाग गए। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़ित शिवम साहू की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस चौकसी बढ़ा दी है। संवाद