लॉकडाउन से अब तक परिषदीय स्कूल बंद हैं, बच्चों की शारीरिक गतिविधियां बंद हैं, ऐसे में उनके वजन बढ़ने को मद्देनजर उन्हें फिट रखने के लिए केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय ने स्कूलों में फिट इंडिया कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। ‘फिटनेस का डोज आधा घंटा रोज’ कार्यक्रम एक दिसंबर से शुरू होगा।
जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों को राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। फिट इंडिया एप के माध्यम से फिटनेस का मूल्यांकन करते हुए एप का अलग से शुभारंभ होगा। 1 से 31 दिसंबर तक फिट इंडिया स्कूल सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यालय फिट इंडिया के पोर्टल पर अपने विद्यालय का प्राचार्य रजिस्ट्रेशन करेंगे। फिट इंडिया क्विज स्पर्धा का आयोजन होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को कार्यक्रम से जुडे़ फोटो भी भेजने को कहा है।