पूर्वांचल का यह पहला सरकारी भवन होगा, जिसमें सभी मंडलीय विभाग होंगे। कमिश्नरी कंपाउंड में बनने वाले एकीकृत मंडलीय कार्यालय में 62 विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके निर्माण का काम शुरू हो गया है। वीडीए की देखरेख में 12 मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
अभी मंडलीय कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर हैं। चाहे मंडलीय एक्साइज कार्यालय हो या उद्योग विभाग का कार्यालय, सभी विभाग अलग-अलग जगहों पर संचालित हो रहे हैं। अब इन्हें एक जगह पर लाने की तैयारी है। मंडलीय परिसर में ही इस पूरी बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है। 200 करोड़ रुपये की लागत से यह भवन तैयार किया जाएगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इस बिल्डिंग में अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा होगी, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह बहुमंजिला बिल्डिंग लगभग 21 महीने में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें जिम, अंडरग्राउंड पार्किंग, रेस्टोरेंट और वेटिंग रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पिछले दिनों वीडीए में हुई बैठक में तय हुआ था कि 13 विभागों की जमीन बेचकर शासन के कोष में धनराशि जमा की जाएगी। मंडलीय कार्यालय में स्थानांतरित होने वाले विभागों की जमीन, स्थानांतरण के बाद शासन की ओर से अधिग्रहित कर ली जाएगी। जिन विभागों के कार्यालय अपनी जमीन पर अवस्थित हैं, उन जमीनों का मौद्रिकरण कर उसकी धनराशि शासन के खाते में जमा की जाएगी।
अधिकारी बोले
कमिश्नरी में 12 मंजिला दो बिल्डिंग बनेंगी। दोनों को टॉप फ्लोर पर आपस में कनेक्ट किया जाएगा। इनमें आधुनिक सुविधाएं होंगी। इसका डिजाइन काशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है।
-पूर्ण बोरा, उपाध्यक्ष, वीडीए