पेपर मिल में लगी आग को बुझाती दमकल विभाग की गाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक पेपर मिल में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। इसमें करोड़ों के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
चंदौली जिले के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज एक की पेपर मिल में गुरुवार सुबह आग लगी। जब तक लोग कुछ समझते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग में 15 मशीनें जल कर राख हो गईं। इनकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा दस हजार टन कागज जल कर राख हो गया। मजदूरों की सूचना पर भेलूपुर से फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई हैं। आग से करोड़ों रुपये का सामान जल गया है।
औद्योगिक नगर फेज एक में सालों पुराना गंगा पेपर मिल है। रात की शिफ्ट में सैकड़ों मजदूर इसमें काम कर रहे थे। अचानक से सुबह मिल के एक हिस्से में आग लग गई। मजदूरों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग विकराल होती चली गई।
धीरे-धीरे आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। मजदूरों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। शोर सुनकर आसपास की फैक्ट्रियों से हजारों मजदूर इकट्ठे हो गए, लेकिन आग का विकराल रूप देखकर नजदीक पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
सूचना पाकर भेलूपुर और चंदौली से फायर ब्रिगेड की छह गाड़िया सुबह सात बजे मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग बुझाने के लिए जेसीबी से मिल की दीवार तोड़ी गई है। आग से करोड़ों रुपये की मशीनरी, पेपर, फर्नीचर सहित अन्य सामान जले हैं।
फैक्ट्री मालिक आरके चौधरी ने बताया कि शार्ट सर्किट के कारण तार टूटकर पहले राॅ मटेरियल के पेपर के बण्डलों पर गिरा। इससे गोदाम में रखे दस हजार टन कागजों के बण्डल धू-धू कर जल गए। इसके बाद आग पूरी फैक्ट्री में फैल गई।