वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के लक्खी चबूतरा मोहल्ले में बृहस्पतिवार भोर में तीन बजे एक पुराने चार मंजिला भवन में आग लग गई। आग आसपास के घरों तक पहुंचती इससे पहले दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया। प्रथमदृष्टया बाहर जमा कूड़े के ढेर में लगी चिंगारी से आग की आशंका है। बताया गया कि चार भवन मंजिला पुराना ढांचा है, जो वर्षों से बंद पड़ा था। अचानक धुआं उठने लगा। आसपास के घरों के लोग शोर मचाने लगे।
विज्ञापन
सूचना पर दमकल की एक गाड़ी पहुंची और एक घंटे के बाद आग पर काबू पा लिया। गली संकरी होने की वजह से दमकलकर्मियों को पाइप लाइन डालकर अंदर तक पहुंचना पड़ा। स्थानीय लोगों की माने तो भवन किसी ट्रस्ट के नाम पर दर्ज है और 15 साल से बंद है। नीचे साड़ी की दुकान थी। भवन मालिक बंगलूरू में रहते हैं। उनसे संपर्क करने के लिए कोई नंबर नहीं है। ब्यूरो