Varanasi News : वाराणसी में शादी वाले घर में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। घर में गैस पर चाय बनाने के लिए दूध और बच्चों को नहलाने के लिए पानी गर्म किया जा रहा था। इसी बीच सिलिंडर के रेगुलेटर से गैस के रिसाव के कारण आग लगी। जिसमें दो बच्चों सहित सात लोग झुलस गए। हादसे में देर रात महिला की भी माैत हो गई।
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया इलाके में गैस रिसाव से लगी आग में झुलसी पिंकी मिश्रा की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में झुलसे हुए छह लोगों को इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद से पूरे घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पिंकी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
विज्ञापन
कोनिया इलाके में किराए पर रहने वाले संतोष पांडेय के बेटी शिवानगी की शादी गुरुवार को थी। पाण्डेयपुर इलाके से बारात आने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस बीच दूध गर्म करने के दौरान रसोई में गैस रिसाव से आग लग गई। आग की जद में आकर अनीता मिश्र (48), सोनी (42), पिंकी (40), अन्नपूर्णा (48), शैली (22), पार्थ (7), और दो साल का कार्तिक गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद चारो ओर चीख-पुकार मच गई। आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और झुलसे हुए लोगों को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। चार महिलाओं और तीन बच्चों में पिंकी 75 प्रतिशत झुलसी थी। चिकित्सकों के मुताबिक पिंकी को मंडलीय चिकित्सालय के बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। जहां पर देर रात पिंकी की मौत हो गई। इधर, शुक्रवार की सुबह गैस रिसाव से लगी आग से झुलस परिवार के अन्य छह सदस्यों को बीएचयू रेफर कर दिया गया।