वाराणसी। कारोबारी से रंगदारी, मारपीट और लाखों की चोरी के मामले में अदालत के आदेश पर शनिवार को सारनाथ पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह घटना पुराना पुल पुलकोहना के एक दुकान और गोदाम से संबंधित है। कारोबारी कन्हैया लाल जायसवाल ने कोर्ट में आवेदन दिया कि वह कूलर, पंखा, अलमारी की मरम्मत और कबाड़ का व्यवसाय करते हैं। बाबू को अपनी दुकान पर मजदूरी पर रखा था। बाबू साथियों दरोगा, अनिल हरिजन और सुजीत राजभर उर्फ पग्गल के साथ दुकान पर शराब पीता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। 24 जनवरी को बाबू राजभर को काम से निकाल दिया। काम से निकाले जाने के बाद आरोपियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 3 से 12 फरवरी 2026 के बीच आरोपियों ने योजना बनाकर गोदाम की दीवार और दरवाजा तोड़ दिया। 5000 नकद, आठ एग्जॉस्ट फैन, दो टेबल फैन, इन्वर्टर-बैटरी, आठ कूल फैन और अन्य पुराना सामान चुराया। चोरी सामान की कीमत 50000 से 60000 रुपये थी, जिसे वे ऑटो से ले गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। आरोपियों ने गोदाम की दीवार तोड़कर 40,000 की लोहे की खिड़कियां चुरा लीं। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि चार नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो