वाराणसी। आभूषण धोखाधड़ी के मामले में सराफ प्रशांत सिंह उर्फ सागर समेत छह के खिलाफ कैंट थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। जैतपुरा के हुकुलगंज बघवानाला निवासी तलाश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अर्दली बाजार के चंद्र आभूषण भंडार में अपने पुराने सोने के आभूषण मरम्मत और नए डिजाइन में बनवाने के लिए दिए थे। 92.64 लाख रुपये के आभूषण को नए डिजाइन में तैयार कराने के नाम पर 6 अगस्त 2020 को चेक से 7 लाख रुपये भी दिए थे। कुछ समय बाद जब आभूषण वापस मिले तो उनका रंग पीले से काला पड़ने लगा और पॉलिश उखड़ने लगी। शक होने पर जब उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि असली सोने के आभूषणों के बदले नकली गहने दे दिए गए थे। दुकान के मालिक प्रशांत सिंह उर्फ सागर से शिकायत की तो उसने कुछ आभूषण दोबारा अपने पास ले लिए और 20-25 दिन में सही आभूषण लौटाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी बार-बार अलग-अलग बहाने बनाता रहा। बाद में उसने व्हाट्सएप पर एक स्टांप भेजकर समझौते की बात कही, लेकिन जांच कराने पर वह स्टांप भी नकली पाया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रशांत सिंह उर्फ सागर, कृष्ण सिंह, आकाश सिंह, शशांक प्रसून, अनूप सराफा, राजेश सेठ पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो
विज्ञापन
वाहन की टक्कर से ट्रेनिंग सूबेदार घायल, कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सेना के एक ट्रेनिंग सूबेदार घायल हो गए। कैंट पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 39 जीटीसी में कार्यरत ट्रेनिंग सूबेदार बिजेन प्रधान सुबह 10.30 बजे सेंटर से ट्रेनिंग एरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। चेहरे पर भी गंभीर चोट आई हैं। मामले में 39 जीटीसी में कार्यरत कुलदीप घले की ओर से कैंट थाने में कार चालक पवन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। ब्यूरो