वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र में बाइक जबरन छीनने और आरटीओ अभिलेखों में कथित हेरफेर कर स्वामित्व बदलने के मामले में पुलिस ने शुभम पांडेय समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। चौबेपुर थाना क्षेत्र के खेतलपुर निवासी शुभम उपाध्याय की ओर से न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई हुई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 11 सितंबर 2025 को दोपहर 12 बजे शुभम बाइक से पांडेयपुर से पुलिस लाइन की ओर जा रहा था। हिमांशु अस्पताल के सामने तिराहे पर शुभम पांडेय समेत तीन लोगों ने उनकी बाइक रोककर कथित तौर पर छीन ली। आरोप है कि एक आरोपी ने मोबाइल से घटना का वीडियो भी बनाया। इसके बाद तीनों बाइक लेकर पुलिसलाइन की ओर चले गए। शुभम का आरोप है कि घटना की सूचना कैंट थाने में देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। बाद में ऑनलाइन वाहन विवरण की जांच करने पर आरटीओ रिकॉर्ड में बाइक के स्वामित्व में बदलाव की जानकारी सामने आई। आरोप है कि फर्जी और कूटरचित दस्तावेज के आधार पर उनकी सहमति के बिना वाहन का स्वामित्व बदल दिया गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो