नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को बीएचयू के सिंहद्वार पर बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन के आरोप में लंका थाना पुलिस ने अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सिराथू विधायक पल्लवी पटेल सहित कई समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बीएचयू चौकी प्रभारी सौरभ तिवारी की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि धारा 163 बीएनएसएस लागू होने के बावजूद बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ सिंहद्वार पर धरना-प्रदर्शन किया गया। यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। प्रदर्शन के चलते बीएचयू अस्पताल समेत अन्य चिकित्सा संस्थानों में आने-जाने वाले मरीजों और परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क जाम की स्थिति बनने से लोगों की जान जोखिम में पड़ गई।
पुलिस के अनुसार, प्रशासन की अनुमति के बिना प्रदर्शन के दौरान काफी कार्यकर्ता एकत्र हो गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के बने रहने पर विधायक पल्लवी पटेल समेत कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया।
बाद में सभी को बड़ागांव ले जाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया के बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।