वाराणसी में फिल्म सुपर-30 की दो दिन की शूटिंग के बाद ऋतिक रोशन मुंबई के लिए रवाना हो गए। तीन दिनों तक बनारस में रहने के बाद भी प्रशंसकों को अपने चहेते हीरो की एक झलक भी देखने को नहीं मिली।
प्रशंसक होटल से लेकर बीएचयू तक रात भर चक्कर लगाते रहे लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। सुपर-30 के आईआईटी जेईई उत्तीर्ण छात्रों को भी आखिरी समय में ऋतिक के साथ मिलने का मौका नहीं मिल सका।
शूटिंग के शेड्यूल के कारण ऋतिक और बच्चों के साथ होने वाले समारोह को अगली तिथि तक के लिए बढ़ा दिया गया। रविवार को ऋतिक रोशन इंडिगो की फ्लाइट से रवाना हो गए।
दो दिनों तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय की सेंट्रल लाइब्रेरी में देर रात सुपर-30 के कुछ दृश्यों को फिल्माया गया। ऋतिक के इस बार की शूटिंग दौरे को बेहद गोपनीय रखा गया था।