मोहल्ला अस्सी की शूटिंग के दौरान सनी देओल
- फोटो : file photo
बनारस की संस्कृति, घाटों, गलियों और फक्कड़मिजाज जीवनशैली पर आधारित फिल्म ‘मोहल्ला अस्सी’ के रिलीज होने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड को दिल्ली हाईकोर्ट ने हफ्ते भर के भीतर एक कट के साथ ए प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया है।
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने इस फिल्म के 10 दृश्यों पर आपत्ति लगाते हुए इसे रिलीज करने पर रोक लगा दी थी। कोर्ट के आदेश के बाद सिने प्रेमियों को इस फिल्म के रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।
प्रसिद्ध कथाकार प्रो. काशीनाथ सिंह के चर्चित उपन्यास ‘काशी का अस्सी’ पर अधारित इस फिल्म की शूटिंग बनारस के घाटों, गलियों में हुई है। ज्यादाकर शूटिंग अस्सी घाट के अलावा अस्सी मुहल्ले की गलियों में कराई गई है।
इस फिल्म में बनारस की संस्कृति से जुड़े पुटों के अलावा बनारसी पन की झलक खास है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने इस फिल्म के 10 दृश्यों पर आपत्ति लगाते हुए उसे कट करने के लिए कहा था। विवादित संवादों के चलते लंबे समय से यह फिल्म सेंसर बोर्ड में अटकी थी।
इसके कुछ दृश्यों से धार्मिक भावनाएं आहत होने की भी बात कही जा रही थी। इसलिए सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट देने से इनकार कर दिया था। इस पर निर्देशक चंद्र प्रकाश द्विवेदी राजी नहीं हुए थे।
फिल्म का ट्रेलर ऑनलाइन हुआ था लीक
मोहल्ला अस्सी फिल्म का एक सीन
सेंसर बोर्ड की फिल्म रिलीज पर लगी रोक के खिलाफ फिल्म निर्माता ने कोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट के आदेश के बाद इस फिल्म के रिलीज होने का रास्ता साफ होने पर फिल्म निर्माता ने कहा कि वे इसे जल्द से जल्द सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने का प्रयास करेंगे।
इस फिल्म के किरदार भी काशीनाथ सिंह के उपन्यास के मुख्य किरदार तन्नी गुरु रहे हैं। तन्नी गुरु की भूमिका फिल्म में सनी देओल ने निभाई है। निर्माता विनय तिवारी ने बताया कि फिल्म के संवाद में कुछ गालियां भी हैं जो सामान्य बातचीत के दौरान बनारस में इस्तेमाल की जाती हैं।
इससे पहले भी इस तरह की कई फिल्में सेंसर बोर्ड से पास हुई हैं। उल्लेखनीय है फिल्म ‘मोहल्ला अस्सी‘ 2011-12 में बनकर तैयार हुई थी, तब से इसके रिलीज होने का लोगों को इंतजार है। अगस्त 2015 में यह फिल्म तब चर्चा में आई जब इसका ट्रेलर रातोंरात ऑनलाइन लीक हो गया था।
फिल्म के ट्रेलर में गाली देते भगवान शिव को दिखाया गया था, जिसकी आलोचना हुई थी। इसी दौरान पूरी की पूरी फिल्म ऑनलाइन लीक होने से दर्शकों के बीच पहुंच गई थी।
प्रो. काशीनाथ सिंह का कहना है कि कोर्ट ने सेंसर बोर्ड को हफ्ते भर में ए प्रमाण पत्र जारी करने का आदेश दिया है। सेंसर बोर्ड का आदेश मिलने के बाद फिल्म रिलीज करने की तिथि तय की जाएगी। फिल्म के रिलीज होने की उम्मीद का पैदा होना बड़ी खुशखबरी है।