बेसिक शिक्षा परिषद में तैनात ऐसे शिक्षक जो लंबे समय से गायब हैं, उनकी कुंडली खंगाली जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर गायब शिक्षकों के खिलाफ हुई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। सीडीओ के ब्योरा मांगने के बाद जिले में लंबे समय से गायब शिक्षकों की फाइल अब जल्द खुलेगी।
बेसिक शिक्षा परिषद में तैनात शिक्षकों के गायब रहने का ये कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कुछ विद्यालयों में शिक्षकों के गायब होने की सूचना मिलती रही है। सीडीओ ने 12 जुलाई को विकास भवन में बने कंट्रोल रूम से चिरईगांव व चोलापुर के शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की थी। इस दौरान पता चला कि सहायक अध्यापक सोनम सिंह 2020 से लगातार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहीं हैं। वहीं, चोलापुर ब्लॉक में सहायक अध्यापक अनिता गुप्ता सितंबर 2020 से बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित चल रहीं हैं। इसकी सूचना ब्लॉक संसाधन केंद्र को भी दी गई है। ऐसे में सीडीओ ने लगातार अनुपस्थित चल रही शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्रवाई का ब्योरा मांगते हुए तीन दिन में जवाब मांगा है।