बदलापुर। जफराबाद-सुल्तानपुर रेलमार्ग पर स्थित गफत्तूपुर गेट संख्या 26 स्पेशल का पूर्वी बूम टूट जाने से बुधवार की रात 15 घंटे तक ट्रेनें सेप्टिक चेन और कासन पर चलाई गई। बुधवार की रात मालगाड़ी डाउन एफ बी सुल्तानपुर से वाराणसी की तरफ जाने की सूचना पर गेटमैन लव कुमार पांडेय ने गेट बंद कर दिया था। मालगाड़ी जैसे ही क्रॉसिंग पार कर आगे बढ़ी, तभी जौनपुर से सुल्तानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक गेट के पूर्वी बूम को तोड़ कर भागने लगी। घटना की जानकारी गेटमैन लव कुमार पांडेय ने रेलवे स्टेशन श्रीकृष्ण नगर के अधीक्षक परमेश्वर कुमार को दिया। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक नीलेश कुमार सिंह ने ट्रक चालक पर केस दर्ज किया। रात भर सेप्टिक चेन और कासन के माध्यम से गाड़ियों का संचालन किया जाता रहा। बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे बूम को ठीक कर लगाया गया।----