काशी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से इलेक्ट्रिक बस चलाने की तैयारी की जा रही है। शनिवार को परिवहन विभाग में 11 इलेक्ट्रिक बसों का शुल्क जमा किया गया। सोमवार को इनका पंजीकरण होगा। वहीं, शहर के बाहर मिर्जामुराद में चार्जिंग बस स्टेशन का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। मसला यह है कि परिचालन से पहले शहर में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण तो दूर अभी स्थान भी तय नहीं हुआ है। ऐसे में बसों का संचालन अधर में अटका हुआ है। जिला प्रशासन और परिवहन निगम की ओर से शहर में चार्जिंग स्टेशन के लिए दो स्थानों को पूर्व में चिह्नित किया गया था। जिसके बाद एक और स्थान चिह्नित किया गया। नगर निगम को भी पत्र लिखा गया, लेकिन अभी तक स्थान का निर्धारण नहीं हो सका।
इलेक्ट्रिक बसों के पंजीकरण के लिए परिवहन विभाग में शुल्क की निर्धारित राशि जमा करा दी गई है। सोमवार को पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
- कमलाकांत तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज