वाराणसी। भारतीय खाद्य निगम यानी एफसीआई ने अपने ट्रैक को फिट बताया, मगर उसी पर शनिवार दोपहर 1:40 बजे रेल इंजन डिरेल हो गया। यह एफसीआई का रैक लेकर आया था। इसके चलते मंडुवाडीह-ककरमत्ता मार्ग पर यातायात कई घंटे बाधित रहा और जाम से वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में दोपहिया व चार पहिया वाहनों को डीरेका के रास्ते निकाला गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के दुर्घटना राहत यान और टेक्निकल टीम की कड़ी मशक्कत के बाद शाम पांच बजे इंजन को पटरी पर लाया जा सका। ककरमत्ता मार्ग पर पानी में डूबी एफसीआई की लाइन के दोनों तरफ बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। गिट्टियां भी पटरी के इर्द गिर्द हैं। इस ट्रैक का मेंटेनेंस एफसीआई करता है। घटना को लेकर दोनों विभाग एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इस दौरान वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मोहित वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अतुल त्रिपाठी और उत्तर रेलवे के उप स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद तसलीम मौजूद रहे।
इससे पहले शुक्रवार को शहर पहुंची एफसीआई की रैक सीमा विवाद में शनिवार सुबह तक खड़ी रही। दरअसल, एफसीआई की लाइन कॉर्ड लाइन में बदलने के बाद इसे मंडुवाडीह से लाने की तैयारी थी। शुक्रवार से ही मंडुवाडीह से ट्रेन ले जाने के लिए लाइन मांगी जा रही थी, मगर मंडुवाडीह स्टेशन का परिचालन विभाग मना करता रहा। जब मामला मुख्यालय पहुंचा तो रैक को लाने का प्रयास शुरू हुआ।
ट्रैक पर पानी भरने से प्रभावित रहा ट्रेनों का परिचालन
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर बारिश का पानी भरने की वजह से प्लेटफ ार्म चार, पांच, सात व नौ के सिग्नल फेल रहे और ट्रेनों को काशन पर चलाया गया। सारनाथ एक्सप्रेस करीब ढाई बजे कैंट पर ली गई। यह सिटी स्टेशन पर खड़ी रही। गोरखपुर-दादर काशी एक्सप्रेस एक बजे आई। कैंट स्टेशन पर मेमो के जरिए इसे लेने में घंटों लग गए। यह ट्रेन सिटी स्टेशन पर 10:40 बजे से खड़ी थी। मरुधर एक्सप्रेस, वाराणसी-अहमदाबाद एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी देरी से रवाना हुईं। हावड़ा से आने वाली पंजाब मेल पांच घंटे, दून एक्सप्रेस दो घंटे, बापूधाम मंडुवाडीह नौ घंटे देरी से वाराणसी पहुंची। पंडित दीनदयाल जंक्शन रूट से आने वाली फरक्का पांच घंटे, पटना-जम्मू अर्चना एक्सप्रेस दो घंटे, हिमगिरि एक्सप्रेस चार घंटे विलंब से पहुंची।
मालगाड़ी का इंजन फेल
वाराणसी। काशी स्टेशन से कैंट आ रही मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। बाद में बेगमपुरा एक्सप्रेस के इंजन को लगाकर उसे कैंट ले आया गया। इसकी वजह से ट्रेनों का परिचालन प्रभवित रहा। बेगमपुरा एक्सप्रेस शाम पांच बजे के बाद रवाना की जा सकी। इसके कारण व्यासनगर के पास कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस को रोकना पड़ा।
सर्वर खराब, दो घंटे बाधित रहा आरक्षण केंद्र
सारनाथ। बारिश से शनिवार दोपहर करीब दोपहर एक बजे सर्वर में आई खराबी के चलते सारनाथ रेलवे स्टेशन पर शनिवार लगभग दो घंटे से अधिक आरक्षण कार्य बाधित रहा। मुख्य आरक्षण प्रबंधक उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि दोपहर बाद 3:30 बजे सर्वर को ठीक किया जा सका।
डीरेका में कई घरों में भरा पानी
वाराणसी। लगातार हो रही बारिश से डीरेका के पार्क तालाब में तब्दील हो गए। वहीं कई घरों में पानी घुस गया है। कई कालोनियों में पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है, लेकिन डीरेका कर्मियों को कोई राहत नहीं मिल रही है।