सोनभद्र जिले के म्योरपुर ब्लॉक के एक ग्राम पंचायत में रविवार को एक व्यक्ति ने नवजात बच्चे को बेचने की कोशिश की। कुछ लोगों ने 50 हजार रुपये दाम भी लगा दिए। हालांकि मामला प्रकाश में आ जाने पर खरीदार खिसक लिए। उधर, इस मामले में किसी रैकेट का भी हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
कोहरौलिया निवासी एक व्यक्ति की पत्नी ने पांच दिन पूर्व बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई। गरीबी के चलते उपचार के अभाव में शुक्रवार को महिला की मौत हो गई।
महिला को पहले से ही दो बेटियां और दो पुत्र थे। बताया जाता है कि भरण-पोषण को लेकर चिंतित इस व्यक्ति ने रविवार को नवजात पुत्र को बेचने की कोशिश की। इसकी जानकारी होने पर दंपती उसके घर पहुंचने लगे। कोई अनपरा से तो कोई खड़िया से पहुंचा। बीना से भी एक दंपती पहुंचा।
ये लोग या तो बिना औलाद वाले थे या फिर उन्हें पुत्र नहीं था। शाम चार बजे मामला सामने आने पर जब कुछ लोग वहां पहुंचे तो खरीदार मौका देखकर खिसक गए। वहां मौजूद लोगों का कहना था कि पिता ने नवजात के एक लाख रुपये मांगे थे लेकिन खरीदने वाले 50 हजार से ज्यादा देने को तैयार नहीं हुए।
बीना चौकी की पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हो तो नवजात को बेचने नहीं दिया जाएगा। जबकि पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह ने भी मामले की जानकारी होने से इनकार किया।