यूपी के मऊ जिले में इंदारा रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह कृषक एक्सप्रेस के चलने पर लगे झटके से खिड़की के पास बैठा बालक झटका लगने से इमरजेंसी खिड़की से नीचे आ गिरा। इस दौरान ट्रेन चल चुकी थी, बेटे को नीचे गिरते देख पिता चलती ट्रेन से बचाने के लिए कूद गया।
जिससे दोनों घायल हो गए। इस दौरान यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। आरपीएफ ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराय। घायल अरविंद जायसवाल बिहार राज्य के सिवान जिले के मैरवा के निवासी है।
रविवार को वो अपनी पत्नी अंजली पुत्र मान्या (5) और भांजी के साथ कृषक एक्सप्रेस से वाराणसी जा रहे थे। अरविंद और उनका परिवार बोगी में इमरजेंसी खिड़की के पास बैठे थे, सुबह दस बजे के करीब कृषक एक्सप्रेस इंदारा जंक्शन के प्लेटफार्म एक पर पहुंची।
इस दौरान अरविंद का बेटा मान्या पानी लेने के लिए अपर बर्थ से नीचे झुका इस दौरान ट्रेन चल दी, तभी लगे झटके से मान्या असंतुलित होकर इमरजेंसी खिड़की के रास्ते चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। यह देख अरविंद भी उसी खिड़की से नीचे कूद पड़ा। जिससे पिता पुत्र ट्रेन के साथ घसीट कर काफी दूर चले गए। इस दुर्घटना में मान्या के साथ अरविंद को गंभीर चोटें आई।
साथ के यात्रियों के चेन पुलिंग करने पर ट्रेन रुकी। घायलों को आरपीएफ उपचार के लिए सदर अस्पताल लाकर भर्ती कराई। जहां डाक्टरों ने उनका उपचार किया। समाचार लिखे जाने तक घायल पिता पुत्र सदर अस्पताल में भर्ती हैं।