भोरकला गांव में बुधवार की शाम एक युवती की शादी से पहले उसके पिता ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई गई है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भोरकला गांव निवासी गंगेश दुबे (42) सूरत में नौकरी कर रहा था। वह एक पखवारे पहले ही सूरत से घर आया था। गंगेश चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिजनों ने बताया कि गंगेश की चार बेटियां हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है और चौथी की शादी 11 जून को होने वाली थी। शाम के समय गंगेश अपने घर के अंदर निढाल पड़ा हुआ था। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। यह देख उसकी पत्नी ज्वाला देवी की चीख निकल गई। गंगेश के घर से रोना-चीखना सुन कर मौके पर पड़ोसियों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गंगेश के होने वाले दामाद ने उसके परिवार के तीन सदस्यों और एक पड़ोसी पर उसे जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए मिर्जामुराद थाने में तहरीर दी। उधर, इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि मौत कैसे हुई है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा। प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।