उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में ददर्नाक हादसे ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। जर्जर हुआ हाईटेंशन तार बारिश के कारण टूट कर घर पर गिर गया। जिससे करंट की चपेट में आए पिता समेत दो बेटों की मौत हो गई।
लालगंज के धनावल गांव में रविवार रात 11 बजे ट्रांसफार्मर जलने से घरों में हाई वोल्टेज करेंट दौड़ गया। इस दौरान बिजली उपकरण बचाने के चक्कर में करेंट लगने से गांव से बीडीसी के सदस्य और उनके दो पुत्रों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलस गए।
सूचना पर लालगंज थाने की पुलिस और एसडीएम मड़िहान मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया। धनावल गांव में रविवार की रात 11 बजे ट्रांसफार्मर में आग लग गई। कंट्रोलिंग सिस्टम जल जाने से घरों में हाई वोल्टेज करेंट दौड़ने लगा, इससे घरों के इलेक्ट्रानिक सामान जलने लगे। इसी दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य ओम प्रकाश मौर्या(55) का बड़ा पुत्र शिवपूजन(30) स्टेबलाइजर बंद करने गया और करेंट की चपेट में आ गया।