रिंग रोड के लिए अधिग्रहीत जमीन के वाजिब मुआवजे की मांग को लेकर रविवार को किसान महारैली करेंगे। इसके लिए दो तरफ से रैलियां निकलेंगी जो हृदयपुर पहुंचेंगी और यहां विशाल सभा की जाएगी। दोपहर बाद 3:30 बजे हृदयपुर में सभा होगी। इसकी तैयारियाें को लेकर शनिवार को भी जनसंपर्क अभियान, गांव-गांव में चौपालों का आयोजन हुआ और किसानों में पैंफलेट बांटे गए। मुआवजे के लिए किसानों का सत्याग्रह इदिलपुर, अहमदपुर और हृदयपुर में जारी है।
आंदोलन को धार देने के लिए करीब एक पखवारे से महारैली की तैयारियां की जा रही हैँ। महारैली संयोजक विजय शंकर पांडेय ने बताया कि किसानों की एक रैली सिंहपुर से निकलेगी जो प्रतापपट्टी, आशापुर, मिर्जापुर, हरिहरपुर, दादूपुर, ऐढ़े आदि गांवों से होते हुए हृदयपुर पहुंचेगी। दूसरी रैली संदहा से निकलेगी और सिंहपुर की तरफ से होते हुए सभास्थल पर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि महारैली में किसानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्रनेता और कई पार्टियों के नेता शरीक होंगे।
इसमें बीएचयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष शिवकु मार सिंह, काशी विद्यापीठ के पूर्व अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद, संपूर्णानंद विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष परितोष दूबे, उदय प्रताप छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष उमाकांत यादव, डीएवी डिग्री कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष माधव प्रसाद उपाध्याय, पूर्व एमएलसी अरविंद सिंह, माकपा के सचिव हीरालाल यादव, आप के पूर्वांचल संयोजक संजीव सिंह, राजद के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव, कौएद के जिलाध्यक्ष अतहर जमाल लारी भी शामिल होंगे। इसके अलावा दर्जनभर गांवों के प्रधान भी शामिल होंगे।
उधर, चंदौली के सांसद महेंद्र नाथ पांडेय रिंग रोड से प्रभावित कुछ किसानों के साथ शनिवार को जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। इस दौरान कि सानों ने अपनी समस्या जिलाधिकारी को बताई। डीएम ने कहा कि उनकी जानकारी में पूरा मामला है। बताया कि नियम-कानून से उनके भी हाथ बंधे हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की हर संभव मदद करेंगे। उनकी मांग जल्द से जल्द शासन को भेजी जाएगी।