अभी तक महीने भर से बोरे की कमी, चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों की कमी, सत्यापन की समस्या से गेहूं खरीद में रुकावट आ रही थी। मगर बुधवार को वाराणसी में एक नई मुसीबत सामने आई। चोलापुर क्रय केंद्र पर धागा खत्म होने से खरीद रोकनी पड़ी। धागे से गेहूं से भरे बोरो की सिलाई होती है। धागे खत्म होने से कतार में लगे सैकड़ों किसानों की गेहूं खरीद रुक गई।
केंद्र प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि 188 किसान गेहूं बिक्री के लिए कतार में हैं। जिनमें से अभी तक 40 किसानों से 1551 क्विंटल खरीद हुई है। मगर बोरा और धागे की कमी से फिलहाल खरीद बंद करनी पड़ी है। हालांकि बोरे के लिए विभागीय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। मगर लाकडाउन के कारण दुकानें बंद होने से धागा मिलना मुश्किल हो गया है। जिससे खरीद रोकनी पड़ी है।