बलिया। जिले में 4.55 लाख किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करनी है। अभी तक मात्र 205647 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो पाई है। 45 प्रतिशत पर ही फार्मर रजिस्ट्री ठहर गई है।
किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराना प्रशासन के लिए चुनौती है। अब फार्मर रजिस्ट्री 30 जुलाई तक कराने निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों को हर हाल मेंं किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी है कि अगर निर्धारित तिथि में फार्मर रजिस्ट्री पूरी नहीं हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान की शुरुआत में फार्मर रजिस्ट्री ने जोर पकड़ा था। प्रतिदिन एक हजार तक आंकड़ा पहुंच जा रहा था। इसको लेकर कृषि विभाग के अधिकारी समेत ब्लाॅक व तहसील के कर्मचारियों को लगाया गया था।
इसमें सबसे ज्यादा दिक्कत खतौनी व आधार में नाम के अंतर बना हुआ था। इसको लेकर जिला स्तर से कई बार तहसील को पत्र भी भेजा गया लेकिन तहसील स्तर पर उदासीनता के चलते नहीं हो पा रही थी। उप निदेशक कृषि मनीष कुमार सिंह ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य पूरा करने के लिए किसानों से संवाद किया जा रहा है। 25 जून से 30 जुलाई तक हर हाल में पूरा करना है। इसकी प्रतिदिन समीक्षा भी की जा रही है। कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री करा रहे हैं। जिन किसानों का नहीं होगा, उनकी सरकारी सुविधाएं रोक दी जाएगी।