यूपी के बलिया जिले के सुरेमनपुर गांव में भैंसा ने किसान को पटक पटक कर मार डाला। घटना के वक्त किसान अपने खेत में मवेशियों के लिए घास काट रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने भैंसा का गु्स्सा देखा तो किसान को बचाने की साहस नहीं कर सके।
भैंसा तब तक प्रहार करता रहा जबतक किसान की मौत नहीं हो गई। किसान की मौत की खबर आते ही घर सहित गांव में कोहराम मच गया। होली की खुशियां मातम में बदल गई।
घटना शुक्रवार दोपहर को तब हुई जब ग्राम पंचायत गंगापुर अंतर्गत सुरेमनपुर निवासी 45 वर्षीय किसान मनरिका राम मवेशियों के लिए खेत में घास काट रहा था। अचानक वहां एक भैंसा आया और किसान को उठा कर पटक दिया।
वहां पर मौजूद लोगों ने देखा तो शोर मचाया। भैंसा का गुस्सा देख लोगों की रूह कांप गई। धीरे धीरे मौके पर जब ज्यादा लोग जुटे तब लोगों को हिम्मत हुई गांव वालों ने काफी मशक्कत कर भैंसा को पकड़ कर बांध दिया।
सूचना पर मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव के कब्जे में लिया। इधर, मृतक के परिवार में सभी का रो रोकर बुरा हाल हो गया।