किसान की मौत के बाद बिलखती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला।
गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को धान की कुटाई के दौरान हालर के साफ्ट में मफलर फंसने से किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों के बिलखने से गांव में सन्नाटा फैल गया। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिए।
कुतुबपुर निवासी अजय राय उर्फ पिंटू (36) ट्रैक्टर पर हालर लगाकर धान कुटाई का कार्य करते थे। रोज की तरह वह स्थानीय गांव में एक किसान के घर के सामने ट्रैक्टर पर मशीन लगाकर धान कुटाई के लिए पहुंचे और हालर को सेट करने के लिए जैसे झुके गर्दन से लटक रहा मफलर हालर के साफ्ट में फंस गया। इधर मशीन चलने से उनकी गर्दन कस गई। यह देख वहां मौजूद मजदूर शोर मचाते हुए ट्रैक्टर बंद करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इधर आवाज सुनकर घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जब तक लोग ट्रैक्टर बंदकर किसान को बचाने का प्रयास करते तब-तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां डाक्टर ने हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इधर हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए और घायल को उपचार के लिए बिहार प्रांत के बक्सर जनपद स्थित चौसा चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इधर, शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अजय राय अपने सात भाईयों और दो बहन में छठवें नंबर पर थे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।