फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खतरनाक है ये दवा: चाक के बुरादे और लैक्टोज मिलाकर बनाते थे नकली दवाएं, पांच राज्यों में नकली दवाओं का कारोबार

Fri, 20 Nov 2026 12:20 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

उत्तर प्रदेश में नकली दवाओं की सप्लाई के नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। ये नेटवर्क पांच राज्यों में संचालित हो रहा था। एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए सरगना अभिषेक सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह हिमाचल से नकली दवाओं की सप्लाई यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब में करते थे।
विज्ञापन
Fake Drug - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बड़े ब्रांड की नकली दवाएं तैयार कर उनको बाजार में खपाने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अंतरराज्यीय गिरोह चाक के बुरादे, लैक्टोज समेत अन्य सामग्री से नकली टैबलेट तैयार करता था। चाक का बुरादा मिलाकर गोलियों को ठोस आकार दिया जाता था। ब्लिस्टर पैकिंग, एल्युमिनियम पैकिंग और कैप्सूल भरने वाली मशीनों के जरिये नामी कंपनियों के ब्रांडेड रैपर में नकली दवाएं पैक कर बाजार में भेजी जाती थीं। 
विज्ञापन


छापे में ब्लिस्टर पैकिंग से कैप्सूल भरने की मशीनें मिली हैं। एंटीबायोटिक, न्यूरो मेडिसिन और गैस की महंगी दवाएं गिरोह के निशाने पर थीं। दवाएं सस्ती रखी जाती थीं ताकि ज्यादा बिक्री हो सके। यह सच गिरफ्तार आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ रवि ने एसटीएफ को बताया है। 

एसटीएफ के मुताबिक, 10 दिनों तक गहनता जांच की जाएगी। दूसरी जांच एजेंसियां भी काम कर रही हैं। मामले का खुलासा 30 अक्तूबर 2026 को जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना गांव स्थित मेसर्स एसपी मेडिकल स्टोर पर छापे से हुआ था। मेडिकल स्टोर संचालक सुनील कुमार पटेल वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका था। तलाशी में न्यूरोकाइंड- एसी समेत करीब पांच लाख रुपये की दवाएं बरामद की गई थीं।
विज्ञापन

 
Trending Videos

बिना ड्रग लाइसेंस के वीडी फार्मा में किया जा रहा था दवाओं का निर्माण

नकली दवाओं के कारोबार की जांच की आंच हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित वीडी फार्मा तक पहुंच गई है। बिना ड्रग लाइसेंस के वीडी फार्मा में दवाओं का निर्माण किया जा रहा था। नकली दवाओं की खेप भी तैयार की जाती थी। 

 

यूपी एसटीएफ व एफएसडीए के छापे से पता चला कि टैबलेट, कैप्सूल और सिरप बनाने की मशीनें ही लगाई गई हैं। बड़ी मात्रा में कच्चा माल, अर्धनिर्मित और तैयार दवाएं भी मिली हैं। नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री में हिमाचल व यूपी के कई बड़े लोग भी शामिल हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही रही है। जांच के दौरान वीडी फार्मा के अलावा भी एक अन्य हिमाचल की फार्मा कंपनी का नाम सामने आया है।

 

डेढ़ साल से किराये के मकान में चल रही थी फैक्टरी

जांच में सामने आया कि रजपुरा में सुखविंदर सिंह के मकान को बदायूं निवासी सुनील कुमार ने किराये पर लिया था। वह अपने साथियों के साथ करीब डेढ़ साल से यहां नकली दवाएं तैयार कर विभिन्न राज्यों में सप्लाई कर रहा था। छापे के दौरान टीम को भारी मात्रा में नकली दवाएं, कच्चा माल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें मिलीं।
 

20 हजार रुपये महीने पर करता था पैकिंग

पूछताछ में मोहम्मद हसीन ने जांच एजेंसी को बताया कि वह पिछले छह-सात महीने से मकान में तैयार नकली दवाओं की पैकिंग और उन्हें कूरियर से अलग-अलग राज्यों में भेजने का काम कर रहा था। इसके एवज में सुनील कुमार उसे 20 हजार रुपये प्रतिमाह देता था। 

 

वहीं, मोनू कुमार करीब एक साल से दवाओं की पैकिंग और लेबलिंग का काम कर रहा था। उसे 15 हजार रुपये महीने मिलते थे। सुनील कुमार पटेल ने एजेंसी को बताया था कि उसने ये दवाएं लहरतारा स्थित सुपर ड्रग एजेंसी के सेल्समैन अशोक वर्मा से बिना बिल खरीदी थीं। इसके बाद दो नवंबर को अशोक वर्मा और डिलीवरी बॉय प्रियांशु तिवारी से पूछताछ की गई। उनकी निशानदेही पर रोहनिया के परमानंदपुर में सुरेंद्र नाथ मिश्रा के घर से 17 प्रकार की दवाएं बरामद हुई।

हिमाचल से जो इनपुट मिल रहे हैं उसके आधार पर नकली दवाओं को लेकर कार्रवाई की जा रही है। जालसाज न्यूरोकाइंड-एलसी-एलसी, गुडसेफ-प्लस, जीरोडोल-एसपी, मोटियर-एलसी, पैन-40, क्लैवम-625, टैक्सिम-ओ, ओ-टू और डेफ्लाजाकोर्ट का नकली सामान मिलाकर निर्माण कर रहे थे। जुनाब अली, ड्रग इंस्पेक्टर, वाराणसी
 

चाक के पाउडर के इस्तेमाल से बनने वाली दवा सेहत के लिए नुकसानदायक है। शरीर के केवल एक अंग नहीं बल्कि सभी अंगों में विकार उत्पन्न होने की संभावना बढ़ जाती है। वहीं, लैक्टोज की मात्रा सही नहीं होने पर यह नुकसानदायक होता है। -प्रो. आनंद चौधरी, रसशास्त्र विभाग, आयुर्वेद संकाय बीएचयू
 

पांच राज्यों में नकली दवाओं का कारोबार, सरगना समेत 3 गिरफ्तार

नकली दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क पांच राज्यों में संचालित हो रहा था। एसटीएफ ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए सरगना अभिषेक सिंह समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह हिमाचल से नकली दवाओं की सप्लाई यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब में करते थे।

 

एसटीएफ के एएसपी लाल प्रताप सिंह ने बताया कि गिरोह का सरगना अभिषेक सिंह मूलरूप से बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला है। वह सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र में भी रहता था और वाराणसी के चितईपुर स्थित कर्दमेश्वरपुरम कॉलोनी में भी उसका ठिकाना था। वाराणसी में नकली दवाओं की बरामदगी के बाद जांच में उसका नाम सामने आया था। उसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। 
विज्ञापन

इसके बाद में एसटीएफ ने एफएसडीए के साथ मिलकर बद्दी में नकली दवाएं बनाने की फैक्टरी में छापा मारा। दवाइयां जब्त कीं। रजपुरा स्थित मकान पर छापा मारकर सहारनपुर निवासी मोहम्मद हसीन और झारखंड के गढ़वा निवासी मोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक सिंह 2023 में भी नकली दवाओं की सप्लाई में जेल जा चुका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें