ट्रांसपोर्ट नगर योजना की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को वीडीए परिसर में हुई। ठठरा (कछवा) के 200 केवी उपकेंद्र से प्रस्तावित ओवरहेड लाइन निर्माण में प्रगति न मिलने पर वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कड़ी नाराजगी जताई। टेंडर निरस्त कर फिर से प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। वीडीए उपाध्यक्ष ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों के बारे में ठेकेदारों से पूछा। निर्देशित किया कि रिटेनिंग वॉल का निर्माण कार्य 8 जनवरी तक हो जाए। काम न पूरा होने पर कड़ी कार्रवाई और भारी जुर्माने की चेतावनी दी। 500 किलो के 3 ओवरहेड टैंक, राइजिंग मेन और वाटर सप्लाई कार्य मेसर्स साई कंस्ट्रक्शन की ओर से कराया जा रहा है। इस कार्य की अंतिम तिथि 28 अगस्त है। वीडीए की ओर से किए जाने वाले सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने चाहिए। ट्रांसपोर्ट नगर योजना में पार्किंग निर्माण कार्य मेसर्स रीता कंस्ट्रक्शन की ओर से कराया जा रहा है। निर्धारित समय में कार्य पूर्ण न होने पर उपाध्यक्ष महोदय ने असंतोष जताया। डेट एक्सटेंशन के बाद भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।