मेघालय स्थित नाॅर्थ-ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी के उद्यानिकी विभाग के पीजी छात्रों ने सोमवार को आईसीएआर-भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के तहत भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को संस्थान की ओर से विकसित उन्नत सब्जी किस्मों और आधुनिक उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी गई। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने जलवायु अनुकूल सब्जी की किस्मों, कटाई-उपरांत प्रबंधन, सब्जी प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ये तकनीक किसानों की आय बढ़ाने के साथ देश की समग्र कृषि उन्नति में सहायक है। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जयदीप हलदर ने पर्यावरण-अनुकूल कीट प्रबंधन उपायों की जानकारी देते हुए पीले और नीले स्टिकी ट्रैप, फेरोमोन ट्रैप, क्यूल्योर ट्रैप और जैव-कीटनाशकों के उपयोग पर जोर दिया। वहीं, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार दूबे और डॉ. विकास सिंह ने छात्रों को अनुसंधान संस्थानों से जुड़ाव, उन्नत तकनीकों और गुणवत्तापूर्ण सब्जी बीज उत्पादन की प्रक्रियाओं से अवगत कराया।