Varanasi News: आरोपी अरविंद ने पुलिस को बताया कि एक बोतल शराब उसने और सितम ने पी। हालांकि सितम को नशा नहीं हुआ। इसके बाद वह शराब की दूसरी बोतल लेकर आया। सितम जब नशे में हो गया तब उसने चूहा मारने की दवा शराब में मिलाकर पिलाई। बेहोश होने के बाद ब्लेड से उसका गला रेत दिया।
वाराणसी के आदित्य नगर निवासी सितम पटेल उर्फ लिटिल (35) की हत्या से पहले उसे शराब पिलाई गई थी। शराब में चूहा मारने की दवा डाली गई थी। सितम के बेहोश होने पर ब्लेड से उसका गला रेता गया था। इसके बाद उसके शव में पत्थर बांधकर आदित्य नगर पोखरे के बगल में गड्ढे में फेंक दिया गया था।
विज्ञापन
यह बातें हत्या के आरोप में पकड़े गए आदित्य नगर के अरविंद ने एसओजी और चितईपुर थाने की पुलिस की संयुक्त टीम की पूछताछ में बताईं। अरविंद को पुलिस सोमवार को अदालत में पेश करेगी।
वारदात की वजह के बारे में पूछने पर अरविंद ने बताया कि एक महिला के साथ उसके गलत संबंध को पड़ोसी सितम ने देख लिया था। इसका सितम विरोध करता था। इस वजह से उसने सितम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। चितईपुर थाना क्षेत्र के आदित्य नगर पोखरे के समीप एक गड्ढे में गत 22 मई को एक युवक का शव मिला था। युवक के हाथ पर लिखे हुए आरएस की मदद से 24 मई को उसकी शिनाख्त सितम के रूप में हुई।
विज्ञापन
एसओजी प्रभारी मनीष कुमार मिश्रा और चितईपुर इंस्पेक्टर मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सुंदरपुर चौकी प्रभारी आदित्य कुमार सिंह ने सीसी कैमरों और सर्विलांस की मदद से पड़ताल शुरू की। आदित्य नगर स्थित सरकारी ठेके के सीसी कैमरे में अरविंद और सितम शराब लेकर जाते हुए दिखे।
इस आधार पर अरविंद से पूछताछ शुरू की गई तो पहले उसने पुलिस को भटकाया कि सितम सूरत गया है। कड़ाई से हुई पूछताछ में अरविंद ने स्वीकार किया कि उसी ने हत्या की है और वारदात की गुत्थी सुलझ गई।