राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हिमालय परिवार की रविवार को भिटारी में हुई बैठक में आगामी दिनोंं में आरएसएस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. इंद्रेश कुमार के काशी प्रवास पर चर्चा हुई। परिवार में काशी क्षेत्र के प्रांत सहमंत्री रामकुमार गुप्ता के लेन नंबर 9 स्थित आवास पर हुई बैठक में वाराणसी, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, जौनपुर जिले के पदाधिकारियों ने संगठन के विस्तार पर जोर देने का संकल्प लिया। बैठक में काशी प्रांत अध्यक्ष अविनाश उपाध्याय ने कहा कि समाज और राष्ट्र में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए निस्वार्थ भाव से सेवा के साथ ही जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं, उनकी मदद करना ही मुख्य उद्देश्य है। बैठक में सभी ने एक स्वर से आगामी दिनों में सिंधु कुंभ में काशी से बढ़चढ़कर भागीदारी की बात कही। इसके अलावा इसी महीने सामूहिक रूप से अयोध्या में रामलला के दर्शन का भी निर्णय लिया गया। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह, डॉ. सरदार सिंह के साथ ही गणेश रावत, सुनील त्रिपाठी आदि लोग मौजूद रहे।