रोहनिया बिजली उपकेंद्र पर लगे इनकमिंग पैनल का केबल रविवार की सुबह जल गया। इससे केंद्र से जुड़े नौ फीडरों से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। केबल जलने से 35 गांवों में पांच घंटे तक बिजली नहीं रही। इससे मोबाइल चर्जिंग के साथ ही पानी का भी संकट झेलना पड़ा। सुबह 8.25 पर कटी बिजली दोपहर करीब 1.30 बजे बहाल हुई। इधर, रविवार शाम इंडस्टि्रयल एरिया चांदपुर, लहरतारा इलाकों में भी बिजली की आवाजाही जारी रही। रोहनिया बिजली उपकेंद्र पर सुबह इनकमिंग पैनल में पहले कुछ आवाज हुई, इसके बाद केबल जल गया। इससे रोहनिया, दरेखू, जगतपुर, शहावाबाद,मोहनसराय, हरदतपुर, बैरवन, कृष्णानगर,सागरपुर, बीकापुर,मनियारीपुर सहित 35 गांवों में बिजली कट गई। लोगों ने उपकेंद्र पर फोन कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के बारे में जानकारी चाही तो पता चला कि पैनल बदलने में समय लगेगा। जेई रोहित कुमार ने बताया कि इनकमिंग दूसरे पैनल का केबल जल गया था। इससे सभी फीडर की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे आपूर्ति बहाल हुई।