स्थित जगनरायन सिंह इंटर कालेज में गुरुवार को आईटीआई सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने आए विद्यार्थियों को व्यवस्थागत कमियों का शिकार होना पड़ा। यहां सुबह की पाली की परीक्षा का पेपर नहीं पहुंचने से इंतजार कर रहे छात्रों ने शोर शराबा किया। लिहाजा डीएम के निर्देश पर सुबह की पाली की परीक्षा का पेपर शाम की पाली में पहुंचा, जिसके बाद दोनों पेपर एक साथ कराया गया।
राजकीय आईटीआई करौंदी की ओर से आईटीआई सेकेंड सेमेस्टर परीक्षा के लिए पंद्रह विद्यालयों के परीक्षार्थियों को हरपालपुर स्थित केंद्र पर बुलाया गया था। सुबह दस बजे पहली पाली की परीक्षा में 975 परीक्षार्थियों का पेपर ही नहीं पहुंच पाया। करीब तीन घंटे तक इंतजार के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो परीक्षार्थी केंद्र के पास शोर मचाने लगे। सूचना पाकर पहुंचे एसओ लोहता श्रीकांत राय ने डीएम को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद शाम करीब साढ़े तीन बजे पेपर पहुंचा और दूसरी पाली के 205 परीक्षार्थियों के साथ ही पहली पाली की परीक्षा भी कराई गई।