फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूर्व प्रेमिका के प्रेमी ने भट्ठा मजदूर नरसिंह के सिर में मारी थी गोली

Mon, 02 Mar 2020 11:26 AM IST
स्‍वाधीन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

वाराणसी के नुआव गांव स्थित ईंट भट्ठे में नरसिंह बिंद की हत्या उसकी प्रेमिका व उसके परिजनों ने नहीं की थी। नरसिंह की हत्या शराब बनाने वाली उसकी एक पूर्व प्रेमिका के प्रेमी ने की थी। सर्विलांस की मदद और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर लंका पुलिस ने यह खुलासा किया है। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पुलिस नरसिंह की पूर्व प्रेमिका की भूमिका की जांच कर रही है। प्रकरण में गिरफ्तार काशीपुर निवासी जितेंद्र राजभर को सोमवार को पुलिस अदालत में पेश करेगी। वारदात में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल की तलाश जारी है।

विज्ञापन


लंका थाना अंतर्गत नरायनपुर निवासी नरसिंह बिंद नुआव स्थित भट्ठे में ईंट पाथने का काम करता था। बीती दो फरवरी की रात नरसिंह के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नरसिंह के परिजनों की तहरीर के आधार पर उसकी दिव्यांग प्रेमिका व उसके पिता और जीजा सहित अन्य के खिलाफ लंका थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

इंस्पेक्टर लंका भारत भूषण तिवारी ने तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि नरसिंह की हत्या में उसकी दिव्यांग प्रेमिका और उसके परिजनों की भूमिका नहीं है। पुलिस ने नामजद आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है। नरसिंह की हत्या में शराब बनाने वाली उसकी पूर्व प्रेमिका के खिलाफ पुलिस साक्ष्य एकत्र कर रही है। पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला

कैसे सुलझी हत्या की गुत्थी

तफ्तीश के दौरान लंका इंस्पेक्टर को पता लगा कि नरसिंह साल भर पहले भट्ठे में रहने वाली एक अन्य महिला के पास रहता था और महुआ की शराब बनाने में उसका सहयोग करता था। महिला से नरसिंह की नजदीकी बढ़ी तो उसके पति ने विरोध करना शुरू किया। इस पर नरसिंह महिला से दूरी बनाकर दिव्यांग युवती के करीब आ गया।

इसी बीच शराब बनाने वाली महिला के पास जितेंद्र का आना-जाना शुरू हुआ तो दोनों में करीबी बढ़ गई। तकरीबन चार महीने पहले जुआ खेलने के दौरान नरसिंह और जितेंद्र के बीच मारपीट हुई थी। शराब बनाने वाली महिला और जितेंद्र की नजदीकी बढ़ी तो फिर उसके पति ने विरोध करना शुरू किया। इसी बीच शराब बनाने वाली महिला के पति ने नरसिंह को 10 हजार रुपये में जितेंद्र की हत्या की सुपारी दी।

हत्या से लगभग पांच दिन पहले शराब बनाने वाली महिला के पास नरसिंह फिर आना-जाना शुरू कर दिया था। इस बीच शराब बनाने वाली महिला को जितेंद्र की हत्या की साजिश रचने का पता लगा तो उसको अपने पास से दूर कर दिया। जितेंद्र ने महिला की मां के पास बैठना शुरू कर दिया था। नरसिंह जब तक जितेंद्र की हत्या कर पाता तब तक उसने ही उसे मार दिया।

रात दो बजे के बाद हत्या, 10 मीटर दूर से मारी गोली

जितेंद्र का पिता डकैती का आरोपी था। चंदौली के मुगलसराय में उसकी संदिग्ध हाल में मौत हो गई थी। उसका एक दोस्त बदमाश है और जेल जा चुका है। पुलिस के अनुसार, नरसिंह की हत्या दो फरवरी की रात दो से ढाई बजे के बीच की गई। नरसिंह के सिर पर 10 मीटर की दूरी से गोली मारी गई थी। बीते चार महीने में जितेंद्र का मोबाइल सिर्फ दो फरवरी की रात बंद हुआ और इसके पहले ऐसा कभी नहीं हुआ।

इसके बाद जितेंद्र अगले दो दिन तक अपने घर नहीं गया और दोस्त के पास छुपा रहा। पुलिस ने जब जितेंद्र से पूछताछ की तो सबसे पहले उसका कहना था कि पिस्टल उसके पास नहीं है। पुलिस ने पूछा कि पिस्टल या तमंचा से हत्या की गई है, यह तुम्हें कैसे पता है। इस सवाल पर जितेंद्र फंस गया। वारदात में प्रयुक्त पिस्टल के बारे में उसने बताया कि गंगा में फेंक दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें