उदय प्रताप कॉलेज में चल रहे पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में शोध में एआई की उपयोगिता से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा हुई। बतौर मुख्य वक्ता डीएवी कॉलेज देहरादून के रसायन विभाग के प्रो. प्रशांत सिंह ने कहा कि एआई का नैतिक उपयोग ही शोध की विश्वसनीयता की कुंजी है। ऐसे में एआई की उपयोगिता शोध में महत्वपूर्ण है।
एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की ओर से चलने वाले प्रोग्राम में एआई, एकेडमिक इंटेग्रिटी एंड द एथिक्स ऑफ नॉलेज क्रिएशन विषय पर व्याख्यान हुआ। इसमें प्रो. प्रशांत सिंह ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शोध कार्यों को गति और नई दिशा देने में सहायक हो सकती है लेकिन यह मानवीय मौलिकता और विवेक का विकल्प नहीं बन सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि ज्ञान सृजन की प्रक्रिया में पारदर्शिता, मौलिक चिंतन और साहित्यिक चोरी (प्लेगरिज़्म) से बचाव अत्यंत आवश्यक है। प्रतिभागी शिक्षकों ने वक्ता से महत्वपूर्ण प्रश्न भी पूछे। संचालन सतीश प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान डॉ. सौमिक गोस्वामी, प्रशंसा राय आदि मौजूद रहे।