- अजगरा विधानसभा में हुई दलित चेतना महापंचायत में बोले अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। समाजवादी आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर चलकर ही समाज में समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय की स्थापना की जा सकती है। रविवार को अजगरा विधानसभा के बर्थरा खुर्द चोलापुर में दलित चेतना महापंचायत में उन्होंने ये बातें कहीं।
मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में दलितों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े सवाल आज भी गंभीर बने हुए हैं। सरकार को विकास के दावों के साथ-साथ दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की वास्तविक स्थिति पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन ही प्रदेश के वास्तविक विकास और सामाजिक न्याय की नई इबारत लिखने का मार्ग प्रशस्त करेगा। विशिष्ट अतिथि एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा रहे। नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और संचालन अजगरा विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने किया। इस अवसर पर वाहिनी के प्रमुख महासचिव सत्य प्रकाश सोनकर, आरके प्रसाद, वरुण सिंह, स्वराज मास्टर, पूर्व प्रधान प्यारे आदि मौजूद रहे।
जेपी ने देश को संपूर्ण क्रांति का ऐतिहासिक नारा दिया : संतोष यादव
वाराणसी। सपा जिला कार्यालय अर्दली बाजार में जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई। अध्यक्षता कर रहे जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि जेपी ने देश को संपूर्ण क्रांति का ऐतिहासिक नारा दिया था। संपूर्ण क्रांति का मूल उद्देश्य समाज के सबसे अधिक दबे-कुचले और वंचित व्यक्ति को सत्ता एवं व्यवस्था के केंद्र में स्थापित करना था। संचालन कर रहे शिक्षक एमएलसी चुनाव वाराणसी के प्रभारी प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि जेपी का संपूर्ण क्रांति का विचार अन्याय, शोषण और असमानता से मुक्त समाज की स्थापना की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर जैन कुशवाहा, गोपाल पाण्डेय, अखिलेश यादव, रामकुमार यादव, सचिन प्रजापति आदि ने विचार रखे। ब्यूरो