वाराणसी। खाद्य नीति को लेकर आईआईए के उद्यमियों ने शनिवार को लखनऊ सचिवालय में खाद्य प्रसंस्करण के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उद्योगों से जुड़ी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
आईआईए फूड प्रोसेसिंग कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक बजाज, उपाध्यक्ष चेतन भल्ला व आईआईए के सोलर एनर्जी कमेटी के चेयरमैन तारिक हसन नकवी ने खाद्य नीति में कुछ परिवर्तन करने का सुझाव दिया। सुझावों को मुख्य सचिव ने गंभीरता से सुना व नई नीति में समावेश कराने का आश्वासन दिया। खाद्य प्रसंस्करण नीति को मूर्तरूप देने से पहले आगामी जुलाई माह में आयोजित बैठक में सम्मिलित होने का आईआईए को निमंत्रण भी दिया। आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि सरकार यदि आईआईए के सुझावों को अपनी नीति में शामिल करती है तो निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश को उद्यम प्रदेश व उन्नत प्रदेश बनाने की मंशा सफल हो सकेगी। आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।