नो इंट्री में घुसे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बुधवार की सुबह करीब नौ बजे भवानीपुर गांव के पास गोविंद राजभर (14) को कुचल दिया। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में नाराज लोगों ने घटनास्थल के पास ही शिवपुर-पिसौर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोग मुआवजे और इस मार्ग पर ट्रैक्टरों का संचालन बंद करने की मांग कर रहे थे। नाराज लोगों ने ट्रैक्टर फूंकने की कोशिश की मगर पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। मौके पर पहुंचे सीओ कैंट राजकुमार यादव के आश्वासन पर करीब घंटे भर बाद जाम समाप्त हुआ।
शिवपुर के पिसौर निवासी बुद्धू राजभर के पांच बेटों और दो बेटियों में सबसे छोटा गोविंद शिवपर में एक पेंट की दूकान पर काम करता था। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे गोविंद साइकल से दूकान जा रहा था। भवानीपुर गांव के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ओवरटेक करने में उसे कुचल दिया। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत
घोषित कर दिया। बाद में गुस्साए लोगों ने चालक बड़ागांव के मोहनपुर निवासी नंदलाल को बुरी तरह पीटा। पुलिस ने किसी तरह उसकी जान बचाई। ट्रैक्टर पर फावड़ा, रम्मा समेत अन्य सामान रखा था। शिवपुर फाटक स्थित एक साइट पर जा रहा था। शिवपुर फाटक के पास ही भवन निर्माण का काम चल रहा था। नाराज लोगों ने शिवपुर-पिसौर मार्ग को जाम कर दिया। लोगों का कहना
था कि संकरे रास्तों पर भी ट्रैक्टर तेज रफ्तार से चलते हैं। वह ट्रैक्टर संचालन पर प्रतिबंध और मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने आश्वासन देकर किसी तरह जाम समाप्त कराया। सीओ कैंट राजकुमार यादव का कहना है लोगों के मांग के मुताबिक शिवपुर-पिसौर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया है। सख्ती से इसका अमल होगा।