मिर्जापुर। फतहां स्थित पावर कारपोरेशन के कार्यालय में शनिवार को विद्युत अभियंताओं और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया और प्रदर्शन किया। मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में यह प्रदर्शन पावर कारपोरेशन के चेयरमैन पर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप किया गया।
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ द्वारा विद्युतकर्मियों को फ्रंट लाइन वर्कर घोषित कर प्राथमिकता पर वैक्सीन लगवाने, अच्छे स्तर की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। पॉवर कारपोरेशन के चेयरमैन एम देवराज ने विद्युतकर्मियों की मांगों एवं समस्याओं पर ध्यान न देकर संघ के पदाधिकारियों को टारगेट कर उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। इसके विरोध में सभी क्षेत्रीय मुख्यालयों और उत्पादन परियोजनाओं पर कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया गया। चेतावनी दी कि यदि किसी पदाधिकारी अथवा अन्य किसी अभियंता का उत्पीड़न किया गया तो संघ इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। इस दौरान वीके पांडेय, एके सिंह, मनोज यादव, सुमित कुमार यादव, सूरज शाह, धीरेंद्र प्रताप कौशल, शिवम गुप्ता आदि उपस्थित रहे।