वाराणसी। कोरोना के बढ़ रहे मामलों के बीच लोग बचाव में जुट गए हैं। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए फिर से काढ़े और मौसमी फलों का रुख कर रहे हैं। किराना कारोबारियों के अनुसार, काढ़े में इस्तेमाल होने वाले दालचीनी, लौंग, काली मिर्च, मुलेठी, तुलसी, गिलोय की मांग में बढ़ोतरी हुई है। जबकि फलों में संतरा, सेब और केले की मांग भी बढ़ी है। नींबू की भी बिक्री बढ़ी है। ऐसे में इनकी कीमतें भी बढ़ गई हैं। पहले जहां संतरा 70 से 80 रुपये किलो में बिक रहा था, अब इसकी कीमत 100 रुपये किलो तक पहुंच गई है।
वाराणसी किराना व्यापार समिति के महामंत्री अशोक कसेरा ने बताया कि काढ़े में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की मांग व खपत दोनों बढ़ गई है। अभी तक दालचीनी, लौंग, काली मिर्च, मुलेठी की सामान्य बिक्री हो रही थी। पिछले एक सप्ताह में जबरदस्त मांग बढ़ी है।
फल दुकानदार राजेंद्र ने बताया कि संतरे की मांग अचानक बढ़ी है। ऐसे में इसके दाम बढ़ गए हैं। 70 से 80 रुपये किलो वाला संतरा 100 तक पहुंच गया है। सब्जी विक्रेता आयुष ने बताया कि नींबू की कीमत भी बढ़ गई है। अच्छे नींबू 10 रुपये में दो मिल रहे हैं। पहले दस में चार नींबू भी मिल जाते थे।
सामान पहले अब
अंगूर 50 60
सेव 100 120
केला 40 60
संतरा 80 100
अनार 100 120
नोट : केला छोड़ बाकी सभी सामानों के दाम प्रति किलो में दर्ज है।