बीएचयू ट्रामा सेंटर में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इमरजेंसी में बेड बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पैथलॉजी लैब भी जल्द खुल जाएगा। यहां चार बेड की सुविधा है, जो बढ़कर अब बीस हो जाएगी। इससे मरीजों को सहूलियत मिलेगी। ट्रामा सेंटर में न केवल वाराणसी बल्कि आसपास के जिलों से भी सड़क दुघर्टना, गोली चलने सहित अन्य घटनाओं में घायल मरीज इलाज के लिए आते हैं। ट्रामा सेंटर में रेड जोन के पास ही इमरजेंसी के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि अगले महीने तक काम पूरा हो जाएगा। ट्रामा सेंटर में ब्लड बैंक तो हैं, लेकिन पैथलॉजी लैब की सुविधा न होने की वजह से मरीजों को खून की जांच के लिए सर सुंदरलाल अस्पताल जाना पड़ता है। अब यहां पैथलॉजी जांच की सुविधा भी शुरू होने वाली है। ताकि मरीजों की ट्रामा सेंटर में ही जांच हो और रिपोर्ट मिल सके।
ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता भी बढ़ेगी
ट्रामा सेंटर में कोरोना मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज भी किया गया। तीसरी लहर के मद्देनजर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। ट्रामा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह ने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता बढ़ाने की तैयारी चल रही है। फिलहाल यहां दस हजार लीटर की क्षमता का प्लांट लगा है। इसके अलावा दस हजार लीटर का एक और प्लांट लगाने की योजना है।
इमरजेंसी में बेड की संख्या बढ़ाने के लिए काम शुरू हो गया है। इसके बाद मरीजों के इलाज में और सहूलियत होगी। पैथलॉजी लैब खोलने सहित अन्य सुविधाओं को बढ़ाने की तैयारी चल रही है।
- प्रो. सौरभ सिंह, प्रभारी, ट्रामा सेंटर