विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आह्वान पर शुक्रवार को बिजली कर्मियों ने भिखारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर बिजली के निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। समिति ने कहा कि बिजली कर्मियों को डराने के लिए उनके समयबद्ध वेतनमान में प्रतिगामी बदलाव करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रबंधन के बिजली कर्मियों के वेतन में बदलाव करने पर परिणाम गंभीर होंगे। बिजली निजीकरण के विरोध में समिति आम जनता के बीच जनसंपर्क अभियान चलाएगी। संघर्ष समिति ने कहा कि अब पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण में इससे भी बड़ा घोटाला करने की तैयारी है। इसका दुष्परिणाम उपभोक्ताओं को चुकाना पड़ेगा। मौके पर मायाशंकर तिवारी, नरेंद्र वर्मा, वेद प्रकाश, राम कुमार,राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।