वाराणसी। बिजली उपकेंद्र रामनगर में दो संविदा कर्मियों के साथ मारपीट को लेकर बिजली कर्मियों में नाराजगी है। विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों ने एसडीओ को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रांतीय अतिरिक्त महामंत्री ओपी सिंह ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे एसडीओ रामनगर के निर्देश पर दो संविदा लाइनमैन काजू, संजय नाविक के घर बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी देखने पहुंचे। बताया कि कर्मचारियों ने नाविक के घर बेटे की मौत की सूचना देते हुए जाने से मना कर दिया। इसके बाद भी एसडीओ ने तत्काल वहां जाने को कहा। यहां पहुंचते ही नाविक के परिवार वालों ने दोनों कर्मियों के साथ मारपीट की। उन्हें चोट आई। लोगों ने पहले रामनगर लालबहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। ओपी सिंह ने अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता को घटना की जानकारी देते हुए कर्मचारी के बेहतर इलाज करवाने, एसडीओ समेत सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ब्यूरो